Last updated: June 25th, 2026 at 06:27 am
450-candidates-for-25-posts-in-nahanहिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के चालक-परिचालकों की लंबित वित्तीय देनदारियों को लेकर प्रस्तावित आंदोलन के बीच निगम ने विभिन्न डिपुओं में अस्थायी चालकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। (हालांकि एचआरटीसी कर्मचारियों ने अपनी हड़ताल स्थगित कर दी है।) इसी क्रम में एचआरटीसी नाहन डिपो में 25 अस्थायी चालकों की भर्ती के लिए प्रक्रिया अमल में लाई गई। भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने के लिए करीब 450 अभ्यर्थी नाहन वर्कशॉप पहुंचे, जहां उन्होंने एचआरटीसी बसों के संचालन हेतु निर्धारित ट्रायल दिए। निगम द्वारा योग्य अभ्यर्थियों के चयन के लिए वाहन संचालन क्षमता का परीक्षण किया गया। गौरतलब है कि एचआरटीसी चालक-परिचालक यूनियन ने अपनी लंबित मांगों और वित्तीय देनदारियों के भुगतान को लेकर प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है।
यूनियन ने बुधवार रात 12 बजे के बाद चक्का जाम करने का अल्टीमेटम दिया था तथा 25 जून से काम छोड़ो अभियान शुरू करने की घोषणा की थी। इसी स्थिति को देखते हुए प्रदेश सरकार और निगम प्रबंधन ने आवश्यक सेवाओं के तहत परिवहन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए डिपो स्तर पर अस्थायी चालकों की भर्ती शुरू की है। उपमंडलीय प्रबंधक, एचआरटीसी नाहन ने बताया कि सरकार और निगम प्रबंधन के निर्देशानुसार ऐसे अभ्यर्थियों का चयन किया जा रहा है, जिनके पास भारी वाहन चलाने का कम से कम तीन वर्ष का वैध ड्राइविंग लाइसेंस और हिमाचली बोनाफाइड प्रमाणपत्र हो। उन्होंने बताया कि चयन प्रक्रिया के तहत निर्धारित ट्रैक पर ड्राइविंग ट्रायल आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों के साक्षात्कार एवं ट्रायल की प्रक्रिया एचएम तथा मुख्य मैकेनिक शिव मोहन थापा के नेतृत्व में संपन्न कराई जा रही है। चयनित चालकों को 1,500 रुपए प्रतिदिन मानदेय दिया जाएगा, जबकि यात्रा भत्ते के रूप में 750 रुपए अतिरिक्त प्रदान किए जाएंगे। उपमंडलीय प्रबंधक ने स्पष्ट किया कि यह भर्ती पूरी तरह अस्थायी आधार पर की जा रही है और इसका उद्देश्य केवल आवश्यक परिवहन सेवाओं का संचालन सुनिश्चित करना है।
Your Trust. Our Truth. Delivering unbiased journalism 24/7.
A leading global news network dedicated to providing breaking news, in-depth analysis, and investigative journalism from around the world.
Copyright 2026 HP 24 News. All rights reserved.
No Comments