Last updated: June 23rd, 2026 at 05:10 am
₹60-lakh-allocated-for-five-roads-in-mandi-cm-makes-announcement-during-meeting-with-delegation-from-seraj-assembly-constituency/मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंडी जिला की पांच सडक़ों को 60 लाख रुपए जारी करने की घोषणा की है। सोमवार को ओकओवर में मंडी जिला के सिराज विधानसभा क्षेत्र के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान उन्होंने यह घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार प्रदेश के सभी क्षेत्रों के संतुलित एवं समान विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सराज विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न सडक़ों के रख-रखाव एवं सुदृढ़ीकरण के लिए धनराशि स्वीकृत करने की घोषणा की। इनमें नौणा-छलैला-विनीधार सडक़ के लिए 10 लाख रुपए, बालीचौकी-खलोआ-शारश सडक़ के लिए 20 लाख रुपए, नौणा-भराड़ी सडक़ के लिए 10 लाख रुपए, खनेठी-खूहन सडक़ के लिए 10 लाख रुपए तथा हणोगी-शलोई-छमार सडक़ के लिए 10 लाख रुपए प्रदान किए जाएंगे। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार के सतत प्रयासों से मंडी जिला की चैल-चौक-जंजैहली सडक़ को चौड़ा करने के लिए 137.40 करोड़ रुपए की वित्तीय सहायता स्वीकृत हुई है। राज्य सरकार ने इस सडक़ परियोजना को लेकर प्रस्ताव सीआरआईएफ के तहत भेजा था।
लिहाजा 83 किलोमीटर लंबी इस सडक़ परियोजना को प्रदेश की कांग्रेस सरकार के प्रयासों से वित्तीय सहायता स्वीकृत हुई है। इस परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि आपदा के दौरान सराज विधानसभा क्षेत्र में काफी नुकसान हुआ था और उन्होंने स्वयं इस विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया था। प्रभावित परिवारों को राज्य सरकार द्वारा अधिकतम सहायता उपलब्ध करवाई गई है। उन्होंने कहा कि देश में पहली बार हिमाचल प्रदेश सरकार ने अपने संसाधनों से आपदा प्रभावितों को दी जाने वाली राहत राशि में ऐतिहासिक वृद्धि की है। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जगदीश रेड्डी ने क्षेत्र की सडक़ों के लिए धनराशि उपलब्ध करवाने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार के कार्यकाल में सराज विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए अभूतपूर्व सहयोग और संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
सराज बुलाए मुख्यमंत्री
सोमवार को सराज विधानसभा क्षेत्र के प्रतिनिधिमंडल ने ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जगदीश रेड्डी की अगवाई में मुख्यमंत्री सुक्खू से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडलों के साथ सीएम ने क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। वहीं प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को सराज विधानसभा क्षेत्र के दौरे के लिए आमंत्रित भी किया।
सीएम बोले, प्रदेश सरकार ने आपदा प्रभावित परिवारों को विशेष राहत पैकेज दिया
bने कहा कि राज्य सरकार ने विशेष राहत पैकेज के माध्यम से आपदा प्रभावित परिवारों को अभूतपूर्व सहायता प्रदान करने का निर्णय लिया है। इसके तहत पूर्णत: क्षतिग्रस्त मकानों के लिए राहत राशि को 1.30 लाख रुपए से बढ़ाकर सात लाख रुपए कर दिया गया है। अन्य आर्थिक सहायता को मिलाकर प्रभावित परिवारों को कुल आठ लाख रुपए तक की वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि घरेलू उपयोग की वस्तुओं के नुकसान पर दी जाने वाली राहत राशि को 2,500 रुपए से बढ़ाकर मकान मालिकों के लिए एक लाख रुपए तथा किराएदारों के लिए 50 हजार रुपए किया गया है। आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त कच्चे एवं पक्के मकानों के लिए भी एक लाख रुपए की सहायता राशि निर्धारित की गई है। सीएम सुक्खू ने कहा कि पूर्व में पॉलीहाउस को क्षति तथा मकानों से मलबा अथवा गाद हटाने के लिए किसी प्रकार की राहत राशि का प्रावधान नहीं था, लेकिन वर्तमान सरकार ने पॉलीहाउस के नुकसान पर 25 हजार रुपए तथा मलबा या गाद हटाने के लिए 50 हजार रुपए की सहायता राशि का प्रावधान किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पशुधन के नुकसान पर दी जाने वाली मुआवजा राशि में भी उल्लेखनीय वृद्धि की है। गाय की मृत्यु पर 55 हजार रुपए तथा भेड़ एवं बकरियों के लिए प्रति पशु नौ हजार रुपए की सहायता प्रदान की जा रही है। इसके अतिरिक्त, गोशालाओं के पुनर्निर्माण के लिए 50 हजार रुपए की अतिरिक्त सहायता का प्रावधान भी किया गया है।
शिमला में आज ओलंपिक रन को हरी झंडी दिखाएंगे मुख्यमंत्री
वरिष्ठ संवाददाता — शिमला
ओलंपिक दिवस के मौके पर मंगलवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शिमला में ओलंपिक रन का शुभारंभ खिलाडिय़ों को हरी झंडी दिखाकर करेंगे। हिमाचल प्रदेश ओलंपिक संघ की ओर से यह आयोजन किया जा रहा है। ओलंपिक संघ के प्रदेश महासचिव राजेश भंडारी ने बताया कि सुबह नौ बजे ओलंपिक रन का शुभारंभ होगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में ओलंपिक दौड़ एवं ओलिंपिक वॉक और अनेकों ओलंपिक मान्यता प्राप्त खेलों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में शिमला में भी यह आयोजन हो रहा है। शुभारंभ पर शिमला के विधायक हरीश जनारथा, मेयर सुरेंद्र चौहान, शिवम प्रताप सिंह, अनुराग वर्मा, हितेश आजाद व अन्य लोग उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश ओलंपिक संघ के पदाधिकारियों में वरिष्ठ उपाध्यक्ष बलबीर वर्मा, ईश्वर रोहाल, सुरेंद्र शांडिल, विनोद कुमार, सुभाष चौहान, संतोष कुमार भी मौजूद रहेंगे। उधर, हिमाचल प्रदेश ओलंपिक संघ के अध्यक्ष अनुराग सिंह ठाकुर ने प्रदेश वासियों एवं समस्त खेल जगत को ओलंपिक दिवस की बधाई दी है।
Your Trust. Our Truth. Delivering unbiased journalism 24/7.
A leading global news network dedicated to providing breaking news, in-depth analysis, and investigative journalism from around the world.
Copyright 2026 HP 24 News. All rights reserved.
No Comments