Last updated: August 17th, 2026 at 05:40 am
Sukhu Govt Announces ₹281 Crore Relief Package for Employees and Pensionersदेश के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर हमीरपुर जिला के बड़सर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने घोषणा की है कि प्रदेश के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को वेतन एरियर के अतिरिक्त 20 हजार रुपए का भुगतान इसी माह किया जाएगा। वर्ष 2016 से दिसंबर 2021 के बीच सेवानिवृत्त क्लास-3 पेंशनर्स और पारिवारिक पेंशनर्स को इसी माह उनकी पेंशन एवं पारिवारिक पेंशन के बकाया का अतिरिक्त 35 प्रतिशत भुगतान किया जाएगा। इसी प्रकार प्रथम और द्वितीय श्रेणी के पेंशनरों एवं पारिवारिक पेंशनरों को भी इसी माह उनके पेंशन एवं पारिवारिक पेंशन बकाया का 15 प्रतिशत भुगतान किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन भुगतानों पर सरकार 281 करोड़ रुपए खर्च करेगी। उन्होंने अगले शैक्षणिक सत्र से प्रदेश भर में 100 नए सीबीएसई स्कूल खोलने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा किइस माह से लेकर 31 मार्च, 2027 तक सेवानिवृत्त होने वाले चिकित्सकों की सेवाएं जारी रहेंगी और वे 31 मार्च, 2027 को सेवानिवृत्त होंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की बजटीय प्रतिबद्धता के अनुरूप, एनएचएम हिमाचल प्रदेश के तहत कार्यरत लगभग 9,000 आशा कार्यकर्ताओं को दिए जाने वाले मासिक प्रोत्साहन को 5,800 रुपए से बढ़ाकर 6,800 रुपए किया जाएगा। उन्होंने इस वृद्धि को लागू करने की घोषणा की।

एनएचएम हिमाचल प्रदेश के तहत कार्यरत वे कर्मचारी, जिन्होंने अपने वेतन के युक्तिकरण के बाद सात वर्ष की सेवा पूरी कर ली है, उन्हें पहली अप्रैल, 2026 से संशोधित वेतन दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, सरकार की बजटीय प्रतिबद्धता को पूरा करते हुए उन्होंने एनएचएम हिमाचल प्रदेश के तहत कार्यरत आउटसोर्स स्टाफ नर्सों, फार्मासिस्टों, ऑपरेशन थिएटर सहायकों और प्रयोगशाला तकनीशियनों के लिए 25,000 रुपए प्रतिमाह तथा डाटा एंट्री ऑपरेटरों के लिए 18,000 रुपए प्रतिमाह संशोधित पारिश्रमिक की भी घोषणा की। संशोधित पारिश्रमिक पहली सितंबर, 2026 से प्रभावी होगा। उन्होंने जल शक्ति विभाग में विभिन्न श्रेणियों के 4,000 पद भरने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘हमारी सरकार मल्टी-टास्क वर्कर्स और आउटसोर्स कर्मचारियों की चिंताओं के प्रति संवेदनशील है। हम उनके मुद्दों से जुड़े सभी पहलुओं पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं और उन्हें उचित लाभ प्रदान करने के लिए नीति लाने पर विचार कर रहे हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और भव्य मार्च पास्ट की सलामी ली। परेड का नेतृत्व परेड कमांडर एवं पुलिस उप-अधीक्षक प्रणव चौहान ने किया।
परेड में हरियाणा पुलिस की टुकड़ी ने भी की शिरकत
बड़सर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह के दौरान परेड में राज्य पुलिस, आईआरबी धौलाकुआं, आईआरबी पंडोह, जिला पुलिस हमीरपुर, महिला पुलिस, होमगार्ड, यातायात पुलिस के साथ हरियाणा पुलिस की टुकड़ी ने भी भाग लिया। सेवन स्टार स्कूल बणी, राजकीय डिग्री कालेज बड़सर, ब्राइट सन स्कूल बड़सर तथा न्यू ब्राइट सन वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बड़सर के विद्यार्थियों ने भी मार्च पास्ट में हिस्सा लिया। पुलिस बैंड और होमगार्ड बैंड ने स्वतंत्रता दिवस समारोह की भव्यता को और बढ़ाया।
चिट्टा मुक्त अभियान का दूसरा चरण सात सितंबर से
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि लोगों के सक्रिय सहयोग और समर्थन से हमारी सरकार ने ‘चिट्टा-मुक्त हिमाचल अभियान’ शुरू किया है। अभियान का दूसरा चरण सात सितंबर, 2026 से ऊना से शुरू किया जाएगा। जल्द ही ‘खेलो हिमाचल, चिट्टा-मुक्त अभियान’ भी शुरू किया जाएगा, जिसके माध्यम से युवाओं को खेलों से जुडऩे और स्वस्थ एवं उत्पादक जीवन शैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। सरकार इसके लिए बहुत ज्यादा गंभीर है।
Your Trust. Our Truth. Delivering unbiased journalism 24/7.
A leading global news network dedicated to providing breaking news, in-depth analysis, and investigative journalism from around the world.
Copyright 2026 HP 24 News. All rights reserved.
No Comments