Sirmaur Accident: Four Killed, Nine Hurt in Bolero Crashसिरमौर जिला के संगड़ाह क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सडक़ हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। गतलोग के समीप शव ले जा रही एक बोलेरो कैंपर अनियंत्रित होकर सडक़ से करीब 50 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत नौ लोग घायल हुए हैं। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। इनमें से गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को मेडिकल कॉलेज से आगे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हादसा मंगलवार रात करीब 12:45 बजे गतलोग के समीप हुआ। बताया गया कि 11 अगस्त को जगदीश शर्मा को दिल का दौरा पडऩे के बाद परिजन संगड़ाह अस्पताल लेकर पहुंचे थे।
चिकित्सा अधिकारी ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद जगदीश शर्मा के शव को रात में वापस गांव अरलू ले जाने के लिए स्थानीय लोगों ने बोलेरो कैंपर किराए पर ली। जब वाहन चिनाड गांव के पास पहुंचा तो इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ शामिल होने के लिए गांव के कुछ अन्य लोग भी वाहन में सवार हो गए। इसके बाद बोलेरो कैंपर अरलू की ओर रवाना हुई। गतलोग के समीप पहुंचते ही चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कैंपर करीब 50 मीटर नीचे खाई में जा गिरी।
हादसा इतना भीषण था कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान राजेन्द्र (37) पुत्र नूपा राम निवासी अरलू, देस राज (23) पुत्र प्रेम सिंह निवासी अरलू, रिखी राम (58) पुत्र जागर सिंह निवासी चिनाड तथा राम गोपाल (62) पुत्र गंगा राम निवासी चिनाड के रूप में हुई है।
हादसे में बृज मोहन (62), कृपा राम (61), देवेन्द्र सिंह (44), सुनिल शर्मा (21), राम स्वरूप (44), जय प्रकाश (45), संदीप (21), कमलेन्द्र (48) और वाहन चालक कपिल देव (39) घायल हुए हैं।
पुलिस के अनुसार कमलेंद्र, संदीप, राम स्वरूप और चालक कपिल देव को गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद इन्हें मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर किया गया। इनमें से एक घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे आगे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। अन्य घायलों का उपचार संगड़ाह अस्पताल में चल रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। घायलों को उपचार के लिए संगड़ाह अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, मृतकों के शवों का सीएचसी संगड़ाह में पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन अनियंत्रित होने के कारण दुर्घटना हुई, हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
एक परिवार के दुख में शामिल होने निकले ग्रामीणों के लिए यह रात कभी न भूलने वाला मातम बन गई। जगदीश शर्मा के शव को घर ले जाते समय हुए इस हादसे में चार लोगों की जान चली गई और कई परिवारों के सामने अपनों के उपचार की चिंता खड़ी हो गई।
Your Trust. Our Truth. Delivering unbiased journalism 24/7.
A leading global news network dedicated to providing breaking news, in-depth analysis, and investigative journalism from around the world.
Copyright 2026 HP 24 News. All rights reserved.
No Comments