Last updated: September 3rd, 2026 at 08:10 am
Himachal Congress MLA Anuradha Rana Tests Positive for Swine Fluशिमला/कुल्लू: हिमाचल प्रदेश में स्वाइन फ्लू (H1N1) का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। आम जनता के बाद अब इस खतरनाक वायरस ने प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में भी दस्तक दे दी है। लाहौल-स्पीति से कांग्रेस की तेजतर्रार विधायक अनुराधा राणा स्वाइन फ्लू की चपेट में आ गई हैं। आईजीएमसी शिमला में टैस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें 10 दिन के सख्त होम आइसोलेशन में भेज दिया गया है। इस वीआईपी मामले के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है।
मुख्यमंत्री ने की थी मुलाकात, संपर्कों में बढ़ी सतर्कता
इस मामले ने इसलिए भी चिंता बढ़ा दी है क्योंकि कुछ दिन पहले ही हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू खुद आईजीएमसी शिमला पहुंचे थे और उन्होंने अस्पताल में भर्ती विधायक अनुराधा राणा से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना था। अब विधायक की स्वाइन फ्लू रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद मुख्यमंत्री सहित उनके संपर्क में आए तमाम नेताओं, अधिकारियों और अस्पताल स्टाफ के बीच स्वास्थ्य को लेकर सतर्कता बढ़ गई है।
वायरल समझकर चल रहा था इलाज, टैस्ट में निकला स्वाइन फ्लू
जानकारी के अनुसार, विधायक अनुराधा राणा पिछले कुछ दिनों से वायरल फीवर और खांसी-जुकाम की शिकायत से जूझ रही थीं। इसी के चलते उन्हें आईजीएमसी शिमला में भर्ती करवाया गया था। बुधवार को जब उनके लक्षणों को देखते हुए डॉक्टरों ने स्वाइन फ्लू का टैस्ट किया तो रिपोर्ट पॉजिटिव निकली। राहत की बात यह है कि समय पर इलाज मिलने से उनकी हालत अब स्थिर है। डॉक्टरों ने स्थिति में सुधार देखते हुए उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी है, लेकिन संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए उन्हें अगले 10 दिनों तक घर में ही आइसोलेट रहने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
विधायक ने खुद दी जानकारी, लोगों से की ये अपील
विधायक अनुराधा राणा ने अपनी बीमारी को छिपाने की बजाय जिम्मेदारी दिखाते हुए खुद सोशल मीडिया के जरिए जनता को इसके प्रति आगाह किया है। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि वह स्वाइन फ्लू से संक्रमित हैं और डॉक्टरों की सलाह पर आइसोलेशन में हैं। उन्होंने अपने समर्थकों और आम जनता से अपील की है कि आइसोलेशन अवधि तक कोई भी उनसे मिलने न आए, साथ ही उन्होंने लोगों को भी इस मौसम में अपनी सेहत का खास ख्याल रखने की सलाह दी है।
Your Trust. Our Truth. Delivering unbiased journalism 24/7.
A leading global news network dedicated to providing breaking news, in-depth analysis, and investigative journalism from around the world.
Copyright 2026 HP 24 News. All rights reserved.
No Comments