Last updated: June 24th, 2026 at 05:27 am
61181-children-in-sirmaur-to-receive-polio-drops-on-the-28thउपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय सभागार में पल्स पोलियो प्रतिरक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिला स्तरीय कार्यबल की बैठक आयोजित हुई। बैठक में उपायुक्त ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान के तहत 28 जून को जिला सिरमौर में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 61,181 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इस अभियान के सफल संचालन के लिए जिला भर में 538 पोलियो बूथ स्थापित किए जाएंगे तथा 2152 बूथ सदस्यों के अतिरिक्त चार मोबाइल टीम भी क्रियाशील रहेंगी। उन्होंने बताया कि जो बच्चे 28 जून को पोलियो की खुराक लेने से वंचित रह जाएंगे उन्हें 29 और 30 जून को घर-घर जाकर पोलियो की दवा पिलाई जाएगी, ताकि शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित किया जा सके। उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने जिलावासियों से अपील की है कि वह इस सघन पल्स पोलियो अभियान को जन आंदोलन के रूप में लें और 0 से 5 वर्ष आयु के प्रत्येक बच्चे को अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक पिलाएं। उन्होंने कहा कि एक भी बच्चा छूटना नहीं चाहिए, तभी शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि पल्स पोलियो अभियान बारे स्कूलों में प्रार्थना सभा के दौरान जानकारी प्रदान की जाए, ताकि बच्चों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार हो सके। उपायुक्त ने एचआरटीसी को निर्देश दिए कि 28 जून को यदि किसी बस में 0 से 5 वर्ष आयु का बच्चा यात्रा कर रहा हो तो सडक़ किनारे स्थापित पोलियो बूथ पर बस रोककर उसे पोलियो की खुराक पिलाना सुनिश्चित किया जाए। बैठक में डा. विनोद सांगल, डा. मनीषा अग्रवाल, आयुष अधिकारी डा. ममता जैन, क्षेत्रीय प्रबंधक एचआरटीसी रामदयाल, महाप्रबंधक उद्योग रचित शर्मा, अध्यक्ष रोटरी क्लब नाहन मनीष जैन, जिला कल्याण अधिकारी गावा सिंह नेगी सहित विभिन्न स्वास्थ्य खंडों के चिकित्सा अधिकारी व अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Your Trust. Our Truth. Delivering unbiased journalism 24/7.
A leading global news network dedicated to providing breaking news, in-depth analysis, and investigative journalism from around the world.
Copyright 2026 HP 24 News. All rights reserved.
No Comments