Last updated: June 22nd, 2026 at 10:00 am
long-traffic-jam-in-haripurdhar-due-to-a-rush-of-tourists/प्रसिद्ध पर्यटन एवं धार्मिक स्थल हरिपुरधार में रविवार को अवकाश के चलते पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे बाजार क्षेत्र में भीषण जाम की स्थिति पैदा हो गई। दोपहर करीब 12 बजे ट्रैफिक का दबाव इतना बढ़ गया कि पूरा बाजार जाम की चपेट में आ गया। इस दौरान आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित हुईं और एक 108 एंबुलेंस करीब 20 मिनट तक जाम में फंसी रही। जानकारी के अनुसार सबसे पहले मंदिर रोड पर यातायात बाधित हुआ, जहां करीब आधा किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लग गई। देखते ही देखते जाम नाहन रोड और नौहराधार-सोलन मार्ग तक फैल गया। सडक़ों पर वाहनों की लंबी लाइनें लगने से पर्यटकों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसी दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हरिपुरधार से एक मरीज को लेने जा रही 108 एंबुलेंस भी जाम में फंस गई।
एंबुलेंस के समय पर न पहुंच पाने से मरीज तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचने में देरी हुई, जिससे लोगों में चिंता और नाराजगी देखने को मिली। जाम के कारण सैकड़ों पर्यटक आधे घंटे से अधिक समय तक वाहनों में फंसे रहे। वहीं बाजार में खरीदारी के लिए आए ग्रामीणों और स्थानीय दुकानदारों को भी परेशानी झेलनी पड़ी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और ट्रैफिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि वर्षों पहले मुख्य चौक और बाजार क्षेत्र को नो पार्किंग जोन घोषित किया गया था, लेकिन नियमों का पालन सुनिश्चित नहीं किया जा रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सडक़ किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े वाहन जाम की मुख्य वजह हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि वीकेंड और पर्यटन सीजन के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए, पार्किंग व्यवस्था को दुरुस्त बनाया जाए।
Your Trust. Our Truth. Delivering unbiased journalism 24/7.
A leading global news network dedicated to providing breaking news, in-depth analysis, and investigative journalism from around the world.
Copyright 2026 HP 24 News. All rights reserved.
No Comments