HomeHimachal Pradeshपांवटा में मूसलाधार बारिश से जलभराव, तेज बहाव में थार और बाइक बही

पांवटा में मूसलाधार बारिश से जलभराव, तेज बहाव में थार और बाइक बही

शुक्रवार दोपहर बाद हुई मूसलाधार बारिश ने पांवटा साहिब के जम्बू खाला क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए।
hp24news paontaPaonta Faces Rain Havoc

शुक्रवार दोपहर बाद हुई मूसलाधार बारिश ने पांवटा साहिब के जम्बू खाला क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए। नालों की समय पर सफाई न होने के कारण बरसाती पानी सड़क पर आ गया और तेज बहाव में एक थार जीप तथा एक बाइक बह गई। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

Table of Contents

    करीब एक घंटे तक हुई भारी बारिश के बाद जम्बू खाला मार्ग पर दो से तीन फीट तक पानी भर गया। तेज बहाव के कारण सड़क किनारे खड़ी थार जीप और बाइक पानी में बह गईं। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों वाहनों को सुरक्षित बाहर निकाला।

    अचानक जलस्तर बढ़ने से कई दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिर पड़े। वहीं, स्कूल से लौट रहे बच्चों को परिजनों ने गोद में उठाकर सड़क पार कराई। जलभराव के कारण काफी देर तक यातायात भी प्रभावित रहा। स्थानीय दुकानदारों के अनुसार पानी इतनी तेजी से आया कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। उनका कहना है कि यदि समय रहते लोग मौके पर न पहुंचते तो बड़ा हादसा हो सकता था।

    एसडीएम द्विज गोयल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मौके पर पटवारी को भेजकर स्थिति का आकलन कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राहत की बात है कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। जलभराव प्रभावित क्षेत्रों की रिपोर्ट मांगी गई है तथा नालों की सफाई सुनिश्चित करने के लिए नगर परिषद को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।

    घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन के प्रति नाराजगी जताते हुए कहा कि जम्बू खाला में हर बारिश के दौरान जलभराव की समस्या सामने आती है। उन्होंने नालों की नियमित सफाई, अतिक्रमण हटाने और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की।

    No Comments