Last updated: July 18th, 2026 at 05:24 am
Shimla Gears Up for Independence Day80वें स्वतंत्रता दिवस-2026 के जिला स्तरीय समारोह की तैयारियों को लेकर उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक बचत भवन में आयोजित की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह 15 अगस्त 2026 को प्रात: ग्यारह बजे ऐतिहासिक रिज मैदान, शिमला में आयोजित किया जाएगा। समारोह में हिमाचल प्रदेश पुलिस, होमगार्ड, एनएसएस, एनसीसी (छात्र एवं छात्राएं), स्काउट्स एवं गाइड्स की टुकडिय़ां आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत करेंगी। वहीं, पुलिस एवं होमगार्ड के बैंड समारोह की शोभा बढ़ाएंगे। परेड का पूर्वाभ्यास 11 अगस्त से आरंभ किया जाएगा। बैठक में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जिम्मेदारी जिला लोक संपर्क अधिकारी और जिला भाषा अधिकारी को सौंपी गई। कार्यक्रम में देशभक्ति और हिमाचल की सांस्कृतिक विरासत पर आधारित प्रस्तुतियां होंगी। आमंत्रण पत्रों की छपाई और वितरण का कार्य एसी टू डीसी कार्यालय करेगा। यदि समारोह राज्य स्तरीय घोषित होता है तो यह जिम्मेदारी सामान्य प्रशासन विभाग निभाएगा। रिज मैदान की साफ-सफाई नगर निगम शिमला, ध्वनि व्यवस्था डीपीआरओ कार्यालय तथा अतिथियों के बैठने की व्यवस्था एसी टू डीसी कार्यालय करेगा। समारोह के बाद मिठाइयों का वितरण भी नगर निगम द्वारा किया जाएगा।
कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक और अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) को आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव का पर्व है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय से समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करें। उन्होंने निर्देश दिए कि समारोह का आयोजन पूरी गरिमा, अनुशासन और उत्साह के साथ हो तथा अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में हिमाचल के महत्वपूर्ण योगदान से नई पीढ़ी को अवगत कराने के लिए भी विशेष प्रयास किए जाएंगे। इस बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त सचिन शर्मा, नगर निगम आयुक्त सचिन कँवल, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर पंकज शर्मा, एडीएम प्रोटोकॉल ज्ञान सागर नेगी, एएसपी गौरवजीत सिंह, एसडीएम ग्रामीण मंजीत शर्मा, एसडीएम शिमला शहरी सन्नी शर्मा, उप निदेशक उच्च शिक्षा लेख राज भारद्वाज सहित विभिन्न अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
सभी प्रतिभागियों को दिया जाएगा प्रशस्ति प्रमाण पत्र
जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस में परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाले सभी प्रतिभागियों को जिला प्रशासन की ओर से प्रशस्ति प्रमाण पत्र दिया जाएगा। इसके लिए सभी प्रतिभागियों के नाम की सूची एसी टू डीसी कार्यालय में कार्यक्रम से पूर्व ही जमा करवाने होंगे। साथ ही सरकारी और गैर सरकारी क्षेत्र में अतुलनीय कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा। इसमें जिला भर से ऐसे लोगों को चयन किया जाएगा जिन्होंने समाज को नई दिशा देने का सफल प्रयास किया। उपायुक्त ने सभी विभागों से ऐसे लोगों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
Your Trust. Our Truth. Delivering unbiased journalism 24/7.
A leading global news network dedicated to providing breaking news, in-depth analysis, and investigative journalism from around the world.
Copyright 2026 HP 24 News. All rights reserved.
No Comments