HomeHimachal Pradeshभराड़ीघाट के पास भारी भूस्खलन शिमला-मटौर हाईवे 9 घंटे से बंद

भराड़ीघाट के पास भारी भूस्खलन शिमला-मटौर हाईवे 9 घंटे से बंद

शिमला-मटौर राष्ट्रीय राजमार्ग-205 पर भराड़ीघाट के समीप क्यारड़ क्षेत्र में बुधवार सुबह हुए भारी भूस्खलन ने यातायात व्यवस्था पूरी तरह
hp 24 newsLandslide Shuts Shimla-Matour Highway

शिमला-मटौर राष्ट्रीय राजमार्ग-205 पर भराड़ीघाट के समीप क्यारड़ क्षेत्र में बुधवार सुबह हुए भारी भूस्खलन ने यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा दी। जिला बिलासपुर और सोलन की सीमा के निकट पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और चट्टानें सडक़ पर आ गिरने से राष्ट्रीय राजमार्ग पूरी तरह बंद हो गया। सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही अगले आदेश तक रोक दी। पुलिस अधीक्षक कार्यालय बिलासपुर ने तत्काल वैकल्पिक यातायात योजना लागू की। बिलासपुर और हमीरपुर से शिमला जाने वाले वाहनों को ब्रह्मपुखर, जुखाला, जब्बल पुल, रानीकोटला, खारसी, नवगांव और दाड़लामोड़ के रास्ते भेजा गया।

Table of Contents

    वहीं शिमला से मंडी जाने वाले वाहनों को भी दाड़लामोड़-नवगांव मार्ग से डायवर्ट किया गया। हालांकि इन वैकल्पिक मार्गों पर वाहनों का दबाव बढऩे से दिनभर लंबा जाम लगा रहा। कई स्थानों पर वाहन रेंगते हुए आगे बढ़े और बसों व बड़े वाहनों में सफर कर रहे यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा। दाड़लाघाट पुलिस के जवान दाड़लामोड़, नवगांव और अन्य संवेदनशील स्थानों पर तैनात रहे तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में जुटे रहे। पुलिस की कड़ी मशक्कत के बाद धीरे-धीरे जाम खुल सका, लेकिन स्थिति देर शाम तक सामान्य नहीं हो पाई। घटना के तुरंत बाद एनएचएआई, फोरलेन निर्माण कंपनी, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस की कड़ी मशक्कत के बाद धीरे-धीरे जाम खुल सका, लेकिन बड़े वाहनों और बसों में सफर कर रहे यात्रियों को घंटों परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुबह करीब 10 बजे हुए भूस्खलन के बाद शाम 6 बजे तक 9 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद मार्ग यातायात के लिए बहाल नहीं हो पाया था। नायब तहसीलदार दाड़लाघाट प्रेम लाल शर्मा ने बताया कि प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है। पटवारी मोहन लाल ने भूस्खलन की रिपोर्ट तैयार कर एसडीएम अर्की को भेज दी है। एसडीएम निशांत तोमर ने बताया कि सडक़ से मलबा हटाने का कार्य लगातार जारी है और पूरी तरह सुरक्षित होने के बाद ही मार्ग को यातायात के लिए खोला जाएगा। उन्होंने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।

    No Comments