Last updated: September 8th, 2026 at 08:15 am
Sirmaur: 5-Year-Old Girl Goes Missing While Playing in Courtyard, Shoes Found Near Drain; Searchसिरमौर जिले के संगड़ाह उपमंडल के तहत आने वाली ग्राम पंचायत लानाचेता के घेवना गांव से एक 5 वर्षीय मासूम बच्ची के अचानक लापता होने का चिंताजनक मामला सामने आया है।
नाहन (आशु): सिरमौर जिले के संगड़ाह उपमंडल के तहत आने वाली ग्राम पंचायत लानाचेता के घेवना गांव से एक 5 वर्षीय मासूम बच्ची के अचानक लापता होने का चिंताजनक मामला सामने आया है। बच्ची रविवार शाम से लापता है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पुलिस और ग्रामीण युद्धस्तर पर बच्ची की तलाश में जुटे हुए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घेवना गांव निवासी विपिन कुमार की 5 वर्षीय बेटी आर्या रविवार शाम करीब 4 बजे अपने घर के आंगन के पास खेल रही थी। खेलते-खेलते वह अचानक आंखों से ओझल हो गई। कुछ देर बाद जब परिजनों ने उसे आसपास नहीं देखा, तो उसकी तलाश शुरू की गई। काफी खोजबीन के बाद भी जब मासूम का कोई सुराग नहीं लगा, तो परिजनों ने ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। रविवार देर रात तक ग्रामीण जंगलों और आसपास के क्षेत्रों में बच्ची को ढूंढते रहे।
सोमवार सुबह पुलिस को घटना की आधिकारिक सूचना दी गई। सूचना मिलते ही संगड़ाह पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर तलाशी अभियान को तेज किया। इसी बीच, टीम को घर से कुछ दूरी पर बहने वाले एक नाले के किनारे बच्ची के जूते पड़े हुए मिले हैं। इस अहम सुराग के मिलने के बाद अब पुलिस और ग्रामीण विशेष रूप से नाले, उसके आसपास के रास्तों और घने जंगल को खंगाल रहे हैं।
संगड़ाह के डीएसपी मंगतराम ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बच्ची की तलाश लगातार जारी है। घर से थोड़ी दूरी पर स्थित नाले के समीप बच्ची के जूते बरामद हुए हैं। पुलिस की टीमें ग्रामीणों के साथ मिलकर सभी संभावित स्थानों पर सघन खोजबीन कर रही हैं। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी भी व्यक्ति को 5 वर्षीय मासूम आर्या के बारे में कोई सुराग या जानकारी मिलती है तो वह तुरंत पुलिस हैल्पलाइन नंबर 112 पर या पुलिस थाना संगड़ाह को सूचित करें। बच्ची के अचानक लापता होने से पूरे क्षेत्र में दहशत और चिंता का माहौल है।
Your Trust. Our Truth. Delivering unbiased journalism 24/7.
A leading global news network dedicated to providing breaking news, in-depth analysis, and investigative journalism from around the world.
Copyright 2026 HP 24 News. All rights reserved.
No Comments