Last updated: July 6th, 2026 at 05:20 am
dustbins-full-in-rajgarh-garbage-on-the-streetsराजगढ़ नगर पंचायत में कूड़ा निस्तारण की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। नगर पंचायत चुनाव संपन्न होने के काफी समय बाद भी शहर को इस बड़ी समस्या से राहत नहीं मिल सकी है। नगर के प्रमुख स्थानों पर कूड़ेदान पूरी तरह भर चुके हैं, जबकि कई जगह कचरा सडक़ों तक फैल गया है। इससे पूरे शहर में दुर्गंध का माहौल बना हुआ है और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पोस्ट ऑफिस, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, शिव मंदिर, कोटली, नेहरू मैदान, फॉरेस्ट कॉलोनी और लोक निर्माण विभाग कार्यालय सहित कई स्थानों पर कूड़े के ढेर लगे हैं। इससे न केवल शहर की सुंदरता प्रभावित हो रही है, बल्कि स्थानीय लोगों, राहगीरों और पर्यटकों के सामने भी खराब तस्वीर पेश हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में हालात और बिगड़ सकते हैं।
कूड़े के ढेरों के कारण मक्खियों, मच्छरों और आवारा पशुओं की संख्या बढ़ रही है, जिससे संक्रमण फैलने की आशंका भी बनी हुई है। नगर पंचायत सचिव अजय गर्ग ने बताया कि जिस स्थान पर पहले कूड़ा डंप किया जाता था, वहां के भूमि स्वामी ने अब अनुमति वापस ले ली है। इसके अलावा नालागढ़ स्थित कचरा निस्तारण प्लांट बंद होने से भी समस्या और बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत अब शिमला क्षेत्र में वैकल्पिक कूड़ा निस्तारण व्यवस्था के लिए प्रयास कर रही है और जल्द समाधान की उम्मीद है।
स्थायी समाधान की मांग…
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह समस्या वर्षों पुरानी है और नगर पंचायत आज तक ठोस कचरा प्रबंधन की स्थायी व्यवस्था नहीं कर पाई है। आसपास की पंचायतों में कचरा संयंत्र स्थापित करने की योजनाएं भी एनओसी नहीं मिलने के कारण सिरे नहीं चढ़ सकीं। व्यापार मंडल, बुद्धिजीवियों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन, नगर पंचायत और स्थानीय विधायक से इस समस्या का प्राथमिकता के आधार पर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है।
Your Trust. Our Truth. Delivering unbiased journalism 24/7.
A leading global news network dedicated to providing breaking news, in-depth analysis, and investigative journalism from around the world.
Copyright 2026 HP 24 News. All rights reserved.
No Comments