Last updated: September 5th, 2026 at 09:55 am
Nalagarh-Shimla Highway Damaged, 30 Panchayats Cut Offनालागढ़: औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ के कुम्हारहट्टी में पहाड़ दरकने से नालागढ़-शिमला स्टेट हाईवे का करीब 100 से 150 मीटर हिस्सा धंस गया। भूस्खलन के मलबे से प्राकृतिक जल निकासी का रास्ता भी बंद हो गया, जिससे सड़क के पास बड़े क्षेत्र में पानी जमा होकर झीलनुमा स्थिति बन गई है।
हाईवे के क्षतिग्रस्त होने से रामशहर के रास्ते यातायात पूरी तरह प्रभावित हुआ है और करीब 30 पंचायतों का नालागढ़ से सीधा संपर्क कट गया है। जमा पानी के कारण सड़क और आसपास की जमीन पर दबाव बढ़ने से प्रशासन के सामने सड़क बहाली के साथ जल निकासी की भी बड़ी चुनौती है।
घटना की सूचना मिलते ही विधायक हरदीप सिंह बावा, एसडीएम नालागढ़ नरेंद्र आहलूवालिया, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लेकर सड़क बहाली और पानी की निकासी का काम शुरू करवाया।
एसडीएम ने बताया कि झीलनुमा क्षेत्र में जमा पानी की नियंत्रित निकासी शुरू कर दी गई है। वहीं विधायक हरदीप सिंह बावा ने कहा कि प्राथमिकता हल्के वाहनों के लिए मार्ग बहाल करने की है और मौसम अनुकूल रहा तो एक-दो दिन में LMV के लिए सड़क खोलने का प्रयास किया जाएगा।
प्रदेश में लगातार बारिश के बीच सड़क बंद होने से स्थानीय लोगों की रोजमर्रा की आवाजाही भी प्रभावित हुई है। प्रशासन ने मौसम और मौके के हालात को देखते हुए सड़क बहाली का काम तेज करने की बात कही है।
Your Trust. Our Truth. Delivering unbiased journalism 24/7.
A leading global news network dedicated to providing breaking news, in-depth analysis, and investigative journalism from around the world.
Copyright 2026 HP 24 News. All rights reserved.
No Comments