Last updated: August 26th, 2026 at 07:29 am
70-Year-Old Man’s Cannabis Farm Busted, 1,240 Plants Uprootedशिमला पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार और भांग की अवैध खेती के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चिडग़ांव में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस थाना चिडग़ांव की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सेब के पेड़ों के बीच अवैध रूप से उगाए गए भांग के 1,240 पौधे बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने 70 वर्षीय व्यक्ति के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई अभियोग संख्या 82/2026, दिनांक 25 अगस्त 2026 के तहत की गई है।
मामला एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत पुलिस थाना चिडग़ांव में दर्ज किया गया है। पुलिस टीम ने सूचना मिलने के बाद संबंधित स्थान पर पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान राजस्व विभाग के कर्मचारियों और स्थानीय प्रतिनिधियों को भी मौके पर शामिल किया गया। तलाशी के दौरान सेब के पेड़ों के बीच करीब दो बिस्वा भूमि पर बड़ी संख्या में भांग के पौधे पाए गए। पुलिस के मुताबिक यह जमीन खसरा नंबर 1200 में आती है और यहां योगिंदर सिंह पुत्र स्वर्गीय सम्पूर्ण सिंह, निवासी चिडग़ांव, उम्र करीब 70 वर्ष द्वारा भांग की अवैध खेती की जा रही थी। मौके पर कुल 1,240 भांग के पौधे पाए गए।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने कार्रवाई के दौरान नियमानुसार 20 भांग के पौधों के नमूने लिए। इसके साथ ही खेती वाली जमीन से मिट्टी के नमूने भी निकाले गए और उन्हें जांच के लिए कब्जे में लिया गया। बाकी बचे 1,220 भांग के पौधों को पुलिस टीम ने मौके पर ही नियमानुसार नष्ट कर दिया। पुलिस अब मामले की विस्तृत जांच में जुट गई है। जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि भांग की खेती कब से की जा रही थी और इसके पीछे आरोपी की क्या मंशा थी। पुलिस यह भी जांच करेगी कि इस अवैध खेती का किसी नशे के कारोबार या अन्य लोगों से कोई संबंध तो नहीं था। एसएसपी गौरव सिंह ने कहा कि शिमला पुलिस की ओर से नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध रूप से भांग या अन्य मादक पदार्थों की खेती करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। चिडग़ांव में हुई यह कार्रवाई भी इसी अभियान का हिस्सा है।
Your Trust. Our Truth. Delivering unbiased journalism 24/7.
A leading global news network dedicated to providing breaking news, in-depth analysis, and investigative journalism from around the world.
Copyright 2026 HP 24 News. All rights reserved.
No Comments